रांची की सड़कों पर घंटों जाम में फंसे लोग अब राहत की सांस ले सकते हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के लिए तीन मेगा प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है। इनमें दो फ्लाईओवर और एक नई फोरलेन सड़क शामिल है जो सीधे रांची रेलवे स्टेशन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट को जोड़ेगी। इस कदम से रांची का इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से बदलने की उम्मीद है।
रांची को ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात, तीन बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत
शनिवार को नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के ट्रैफिक सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए तीन प्रमुख परियोजनाओं पर मुहर लगाई। पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने इस दौरान मुख्यमंत्री को प्रेजेंटेशन के जरिए योजनाओं की जानकारी दी।
CM हेमंत सोरेन ने की नई दिल्ली में समीक्षा बैठक, प्रेजेंटेशन के बाद हरी झंडी
बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ होते हुए चापू टोली तक 1.75 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जाएगा। वहीं, करमटोली से मोरहाबादी होते हुए साइंस सिटी तक 2.2 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर भी प्रस्तावित है। तीसरी और सबसे अहम योजना रांची रेलवे स्टेशन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक 4.7 किलोमीटर लंबी फोरलेन वैकल्पिक सड़क और 800 मीटर की एलिवेटेड रोड का निर्माण है।
जानिए किन इलाकों में बनेंगे नए फ्लाईओवर और सड़कें
इन परियोजनाओं के पूरा होते ही अरगोड़ा चौक, कटहल मोड़, चापू टोली, करमटोली, मोरहाबादी और साइंस सिटी के इलाकों में ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। इसके अलावा स्टेशन से एयरपोर्ट का सफर भी सुगम हो जाएगा। इससे आम यात्रियों के साथ-साथ व्यवसायिक गतिविधियों को भी रफ्तार मिलेगी।
आगे और किन योजनाओं पर हो सकता है विचार?
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हरमू मुक्ति धाम से हरमू नदी किनारे रेडिशन ब्लू होटल, हिनू पुल से जगन्नाथपुर तक स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारों पर फ्लाईओवर निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करने का निर्देश भी दिया।
गौरतलब है कि हाल ही में राजधानी रांची को कांटाटोली, सिरमटोली और रातू रोड फ्लाईओवर की सौगात पहले ही मिल चुकी है। नई परियोजनाओं के साथ रांची का चेहरा पूरी तरह बदलने वाला है, जिससे राजधानी की सड़कों पर जाम का पुराना किस्सा शायद बीते दिनों की बात बन जाए।


