ग्रेटर नोएडा में पत्नी को जिंदा जलाने के आरोपी विपिन भाटी का पुलिस ने एनकाउंटर किया। सिरसा चौकी क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के दौरान विपिन ने पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की।
पत्नी निक्की की हत्या का आरोप
विपिन पर आरोप है कि उसने पत्नी निक्की को दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किया और आखिरकार ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना उस वक्त और भी दर्दनाक हो गई जब यह सब निक्की की बहन और बेटे के सामने हुआ।
बेटे ने सुनाई दिल दहला देने वाली कहानी
मामले का सबसे बड़ा गवाह निक्की और विपिन का छह साल का बेटा है। उसने बताया कि उसके पिता ने मां को थप्पड़ मारने के बाद पेट्रोल जैसी चीज डाली और फिर लाइटर से आग लगा दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रिश्तेदारों की प्रतिक्रिया
पुलिस हिरासत में घायल विपिन ने सफाई देते हुए कहा, “मैंने कुछ नहीं किया, वो खुद मरी है। मियां-बीवी में झगड़े होते रहते हैं।” वहीं उसके रिश्तेदारों ने कहा कि जो हुआ सही हुआ, गोली पैर में नहीं बल्कि सीने में मारनी चाहिए थी।
फरार परिवार की तलाश
पुलिस ने बताया कि आरोपी के परिवार के अन्य सदस्य फिलहाल फरार हैं। उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


