बोकारो (झारखंड): गोमिया प्रखंड की पलिहारी-गुरुडीह पंचायत की 25 वर्षीय मुखिया सपना कुमारी दो अक्टूबर से लापता थीं। अब पुलिस ने उन्हें रांची से सकुशल बरामद कर लिया है। सपना बोकारो जिले की सबसे कम उम्र की मुखिया हैं, जिन्होंने वर्ष 2022 के पंचायत चुनाव में सिर्फ 19 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।
घर से छाता लेकर निकलीं और हो गईं गायब
मुखिया सपना कुमारी के पति आशीष कुमार ने बताया कि दो अक्टूबर की दोपहर डेढ़ बजे तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान सपना घर से छाता लेकर बाहर निकलीं और बोलीं कि वे बैठक में जा रही हैं। लेकिन देर शाम तक लौटकर नहीं आईं। जब वे नहीं लौटीं, तो परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
घर पर सो रहा था दो साल का बेटा
घटना के वक्त सपना कुमारी का दो साल का बेटा घर में ही सो रहा था। परिजनों ने जब उनका मोबाइल चेक किया तो वह घर पर बंद हालत में मिला। इसके बाद पति ने गोमिया थाना में लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, रांची से की बरामद
पुलिस ने मुखिया के रहस्यमय तरीके से लापता होने पर जांच शुरू की और इलाके के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सूत्रों के मुताबिक, मुखिया ने किसी व्यक्ति से मोबाइल लेकर फोन किया था और कुछ देर बाद किसी युवक के साथ चली गई थीं।
आखिरकार, 5 अक्टूबर को पुलिस ने सपना को रांची से बरामद कर लिया। गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि मामले की पूरी जांच जारी है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।
राजनीति में सक्रिय और लोकप्रिय थीं सपना कुमारी
सपना कुमारी ने 2022 में पहली बार राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने सुनीता देवी को 19 वोटों से हराकर मुखिया पद पर जीत दर्ज की। अपने सक्रिय जनसंपर्क और कार्यशैली से वे जल्द ही इलाके में लोकप्रिय चेहरा बन गई थीं।


