रांचीः झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद परिवार इन दिनों रामगढ़ के नेमरा गांव में पैतृक घर पर मौजूद है। दुख के इस दौर में परिवार से एक सुकून देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने सभी का दिल छू लिया।
सीता सोरेन की बेटी विजयश्री सोरेन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपनी दादी रूपी सोरेन का ख्याल रखती और परिवार के साथ रसोई में खाना बनाती नजर आ रही हैं। इस रसोई में वही मिट्टी का चूल्हा इस्तेमाल हुआ, जिस पर कभी परदादी और दादी ने पूरे परिवार के लिए खाना बनाया था।
स्मृतियों और संघर्ष की खुशबू में पका खाना
विजयश्री ने पोस्ट में लिखा— “हमने दादी माँ के लिए उसी चूल्हे पर खाना बनाया, जिस पर कभी बाबा के लिए भी भोजन पका था। हर निवाले में सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि संघर्ष की कहानी और परिवार का त्याग भी मिला होता था।”
इस मौके पर उन्होंने याद किया कि कैसे बाबा, पुलिस की नजरों से बचते हुए, जंगल-पहाड़ों और गांव की पगडंडियों से आदिवासी अधिकारों की लड़ाई लड़ते थे। यह वही चूल्हा है, जिसने चार पीढ़ियों को एक साथ जोड़ने का काम किया है।
राजनीतिक मतभेदों के बावजूद एकजुट परिवार
हालांकि, पिछले वर्षों में सोरेन परिवार में राजनीतिक मतभेद भी सामने आए—सीता सोरेन का बीजेपी में शामिल होना और चुनावी हार इसका उदाहरण है। इसके बावजूद, गुरुजी के निधन के बाद पूरा परिवार एक साथ है और आपसी संबंधों में अपनापन झलक रहा है।


