SCO शिखर सम्मेलन: मोदी ने आतंकवाद पर साधा निशाना, पाक को मिली कड़ी चेतावनी

पीएम मोदी ने पहलगाम हमले का दर्द साझा किया, आतंकवाद को मानवता की सबसे बड़ी चुनौती बताया

Rohit Mehta Journalist
Sco Summit Pm Modi Pakistan Terrorism
Sco Summit Pm Modi Pakistan Terrorism (PC: BBN24/Social Media)

शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में आतंकवाद के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद केवल किसी देश की सुरक्षा को नहीं बल्कि पूरी मानवता को चुनौती देता है। पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने पीड़ा साझा की और कहा कि भारत पिछले चार दशकों से इस दंश को झेल रहा है।

पाकिस्तान को घेरा, आतंकवाद पर दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं

पीएम मोदी ने बिना नाम लिए पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ देश आतंकवाद को समर्थन देकर मानवता के खिलाफ अपराध कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में “दोहरा रवैया” अब स्वीकार्य नहीं होगा।

मोदी ने SCO के मायने बताते हुए कहा, S का अर्थ है सिक्योरिटी, C का कनेक्टिविटी और O का ऑपर्च्युनिटी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा और स्थिरता विकास की आधारशिला है, लेकिन आतंकवाद, अतिवाद और अलगाववाद इसके सबसे बड़े दुश्मन हैं।

पहलगाम का दर्द साझा किया

प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत ने अलकायदा और अन्य आतंकी संगठनों के खिलाफ मोर्चा खोला है। हमने हाल ही में पहलगाम में आतंकवाद का घिनौना रूप देखा, जिसने न केवल भारत बल्कि पूरी मानवता की आत्मा को झकझोर दिया।”

शी जिनपिंग ने की आर्थिक सहयोग की अपील

इससे पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सदस्य देशों से “विन-विन रणनीति” पर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि SCO देशों को आपसी व्यापार, निवेश और विकास रणनीतियों को मजबूत करना चाहिए और BRI (बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव) को गति देनी चाहिए।

शाहबाज शरीफ को किया अनदेखा

सम्मेलन के दौरान एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला। जब पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बातचीत कर रहे थे, तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ पास खड़े होकर उन्हें देख रहे थे। वीडियो में साफ दिखा कि मोदी ने पुतिन का हाथ पकड़कर आगे बढ़ाया, लेकिन शाहबाज शरीफ की ओर ध्यान नहीं दिया।

Share This Article