पटना: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ रविवार को पटना में अपने अंतिम पड़ाव पर पहुँची। गांधी मैदान पर आयोजित सभा में करीब 20,000 कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस बीच शहर के कई हिस्सों में घंटों तक यातायात जाम की स्थिति बनी रही।
ट्रैफिक जाम ने रोकी राहुल गांधी की रैली
दिल्ली से पटना पहुंचे राहुल गांधी का काफ़िला गांधी मैदान से लगभग एक किलोमीटर पहले जाम में फँस गया। जेपी गंगा पथ से आने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे आर ब्लॉक से लेकर जीपीओ गोलंबर तक लंबा जाम लग गया। पाँच मिनट तक अफरातफरी के बाद यातायात सामान्य हुआ और काफ़िला गांधी मैदान पहुँचा।
गांधी से अंबेडकर तक पदयात्रा
‘गांधी से अंबेडकर’ नामक इस पदयात्रा की शुरुआत गांधी मैदान से हुई और यह चार किलोमीटर दूर पटना हाईकोर्ट के पास स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक पहुँची। राहुल गांधी दोपहर में दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे सभा स्थल की ओर रवाना हुए।
विपक्षी नेताओं ने साधा सरकार पर निशाना
सभा में विपक्षी दलों के कई बड़े नेता शामिल हुए। तेजस्वी यादव ने मीडिया से कहा – “जो लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करेंगे, उन्हें करारा जवाब मिलेगा।” वहीं, सीपीआई (एमएल) नेता Dipankar Bhattacharya ने कहा कि यह यात्रा खत्म नहीं, बल्कि लड़ाई का एक पड़ाव है।
विपक्षी गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन
गांधी मैदान पर बने मंच पर विपक्षी गठबंधन के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। इनमें टीएमसी सांसद यूसुफ पठान, शिवसेना नेता संजय राउत, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले, केसी वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, अशोक गहलोत, तेलंगाना के रेवंत रेड्डी, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और कर्नाटक के डिप्टी सीएम डी. शिवकुमार शामिल थे।


