पटना हादसा: बैरिकेड पर बेकाबू कार की टक्कर, तीन पुलिसकर्मी घायल, मची अफरातफरी

पीरबहोर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने वाहन जांच बैरिकेड में मारी जोरदार टक्कर, चालक हिरासत में

Fevicon Bbn24
Patna Accident Car Crash Police Injured
Patna Accident Car Crash Police Injured (PC: BBN24/Social Media)

राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के कृष्णा घाट के पास देर रात बड़ा हादसा हो गया। वाहन जांच के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग में अचानक एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में वहां तैनात तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घायल पुलिसकर्मियों का PMCH में इलाज

हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत कार चालक को दबोच लिया। हादसे में घायल हवलदार बलभद्र समेत तीनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर है।

चालक ने घबराकर दबाया एक्सीलेरेटर

जांच में पता चला कि कार चालक की पहचान मो. हमीम काजी के रूप में हुई है। वह कार चलाना सीख रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि पुलिस ने जैसे ही कार रोकने का संकेत दिया, घबराहट में चालक ने ब्रेक की जगह एक्सीलेरेटर दबा दिया। इसी वजह से वाहन बैरिकेडिंग से टकरा गया और तीन पुलिसकर्मी चपेट में आ गए।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

यातायात पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं चालक शराब या नशे की हालत में तो नहीं था और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था या नहीं।

पुलिस की अपील

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में होने वाले ऐसे हादसों से सबक लेते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस और उचित प्रशिक्षण के वाहन न चलाएं। ऐसे लापरवाह कदम से न केवल आम लोगों बल्कि सुरक्षाकर्मियों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

Share This Article