बिहार के मुजफ्फरपुर ज़िले के प्राथमिक विद्यालय पोखरेरा बिचला टोला में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। मिड-डे मील खाने के बाद अचानक 85 बच्चे बीमार पड़ गए। जांच में पता चला कि स्कूल के खाने में छिपकली गिर गई थी, जिससे बच्चों की हालत बिगड़ गई।
स्कूल में मचा अफरातफरी, अस्पताल भेजे गए बच्चे
मुख्याध्यापक रमेश राम के मुताबिक, परीक्षा के बाद बच्चे भोजन कर रहे थे तभी यह घटना हुई। कुल 100 में से 85 बच्चों ने खाना खाया और बीमार हो गए। कई बच्चों को उल्टी और बेचैनी शुरू हो गई।
- 62 बच्चों को एम्बुलेंस से सीएचसी सरैया पहुंचाया गया।
- 8 बच्चों को गंभीर हालत में एसकेएमसीएच रेफर किया गया।
- डॉक्टरों ने बताया कि अब सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
स्थानीय पीएसीएस अध्यक्ष राजन कुमार और पूर्व मुखिया के बेटे राजवंशी कुमार ने बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं जनसुराज नेता किशोर कुणाल भी बच्चों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।
शिक्षा विभाग ने माना लापरवाही, कार्रवाई होगी
ब्लॉक शिक्षा पदाधिकारी मंजू कुमारी ने पुष्टि की कि खाने में छिपकली मिली थी। उन्होंने कहा, “यह साफ तौर पर लापरवाही का मामला है। जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।”
दूसरा मामला: गंदे पानी से बीमार हुईं एएनएम छात्राएँ
इसी दिन मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में भी हड़कंप मच गया। एएनएम हॉस्टल की दर्जनभर छात्राएँ गंदा पानी पीने से बीमार हो गईं।
- सभी छात्राओं को उल्टियाँ शुरू हो गईं और तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया।
- शाम तक इलाज के बाद उनकी हालत सामान्य हुई और दवाइयों के साथ हॉस्टल भेजा गया।
जांच में पता चला कि हॉस्टल की पानी की टंकी छह महीने से साफ नहीं हुई थी और आरओ सिस्टम भी लंबे समय से खराब पड़ा था। पहले भी शिकायतें हुईं थीं लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब सभी छात्राओं को पुराने हॉस्टल से निकालकर विश्राम सदन में शिफ्ट कर दिया गया है।


