पटना: जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने इरादे साफ कर दिए हैं। पार्टी ने घोषणा की है कि वह राज्य की 243ों विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी का कहना है कि उम्मीदवारों की पहली लिस्ट नवरात्रि (22 सितंबर) के आसपास जारी की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने साफ किया कि पार्टी अब किसी गठबंधन की चर्चा में नहीं है और जनवरी से ही उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया पर काम कर रही है।
पार्टी ने अपनाया जमीनी फीडबैक मॉडल
मनोज भारती ने बताया कि 2 अगस्त से 22 अगस्त तक चले पहले चरण की प्रक्रिया ने पार्टी को अपनी ताकत और कमजोरियों का आकलन करने का मौका दिया।
आरसीपी सिंह ने कहा कि उम्मीदवारों का चयन पंचायत और प्रखंड स्तर से मिले फीडबैक के आधार पर होगा। खास प्राथमिकता उन कार्यकर्ताओं को दी जाएगी जिन्होंने जन सुराज आंदोलन को खड़ा करने में अहम योगदान दिया।
प्रशांत किशोर की भूमिका पर अभी भी रहस्य
सबसे बड़ा सवाल है कि क्या प्रशांत किशोर खुद मैदान में उतरेंगे?
आरसीपी सिंह ने कहा – “अगर वे चुनाव लड़ते हैं तो एक सीट तक सीमित हो जाएंगे। लेकिन वे हमारे सबसे बड़े सूत्रधार हैं।”
यानी पार्टी अभी भी उनकी रणनीतिक भूमिका को ज्यादा अहम मान रही है, और उनके चुनाव लड़ने पर फैसला सामूहिक रूप से लिया जाएगा।
अन्य दलों पर भी साधा निशाना
पार्टी नेताओं ने पूर्व आईएएस मनीष वर्मा पर भी निशाना साधा, जो हाल ही में जेडीयू में शामिल हुए हैं। उन पर आरोप लगाया गया कि 2014 की दशहरा भगदड़ और घोटालों से जुड़े मामलों में उनका विवादित रिकॉर्ड रहा है।


