बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह लाल स्याही से लिखा नक्सली पर्चा और काला झंडा मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस पर्चे में प्रदेश सरकार के मंत्री और चकाई विधायक सुमित कुमार सिंह का नाम साफ तौर पर दर्ज है और चेतावनी दी गई है कि “यदि उनका प्रचार किया तो छह इंच छोटा कर देंगे।”
फुटबॉल खेलने पहुंचे युवकों ने देखा काला झंडा
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रक्खा टोला गांव के युवक जब मैदान में फुटबॉल खेलने पहुंचे, तो वहां काला झंडा और धमकी भरे पर्चे पड़े मिले। पर्चे में दर्जनों लोगों के नाम लिखकर उन्हें सुधर जाने या गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है।
पर्चे में मंत्री और पूर्व प्रत्याशी का नाम
पर्चे में न सिर्फ मंत्री सुमित सिंह, बल्कि विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी पोलुस का भी नाम शामिल है। पर्चे के ऊपर साफ-साफ “भाकपा माओवादी” लिखा गया है। इसमें लिखा गया है कि यदि मंत्री का प्रचार किया गया तो लोगों को जान से मार दिया जाएगा।
पुलिस ने जब्त किए पर्चे और झंडा
सूचना मिलने के बाद चिहरा थाना पुलिस और झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काला झंडा और पर्चे को जब्त कर लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष विद्यारंजन कुमार ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन अलर्ट, मंत्री ने दी प्रतिक्रिया
इस घटना पर जमुई के डीएम नवीन कुमार ने कहा कि धमकी भरे पर्चे मिलना गंभीर मामला है। प्रशासन इसकी जांच कर रहा है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं मंत्री सुमित सिंह ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, पर्चा देखने के बाद ही टिप्पणी करेंगे।


