बिहार सरकार ने एक बड़ा डिजिटल कदम उठाते हुए राज्य के 13 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों के लिए सेवा पुस्तिका (Service Book) को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया है। इसके साथ ही एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है, जिसके जरिए कर्मचारी छुट्टी के लिए आवेदन से लेकर पेंशन और ट्रांसफर तक के काम मोबाइल से कर सकेंगे। शुक्रवार को सचिवालय में मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के अंतर्गत कई योजनाओं और पोर्टल्स का शुभारंभ किया।
13 लाख कर्मचारियों को डिजिटल लाभ
इस नए ऐप से अब कर्मचारी अपने लॉगिन ID से छुट्टी के लिए आवेदन, सर्विस बुक में जानकारी देखना या संशोधन करना, और सेवा से संबंधित दावे दर्ज कर सकेंगे। यह सुविधा न केवल कार्यालय से, बल्कि घर बैठे भी उपलब्ध होगी। फिलहाल यह ऐप एंड्रॉयड वर्जन में उपलब्ध है, जबकि iOS वर्जन जल्द ही लॉन्च किया जाएगा।
बिहार में भर्ती के नाम पर हैवानियत! एंबुलेंस में होमगार्ड अभ्यर्थी से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला
छुट्टी से ट्रांसफर तक सबकुछ मोबाइल से
कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव ने कर्मचारियों को सलाह दी कि वे तुरंत अपना डिजिटल अकाउंट खोलें और इस सुविधा का उपयोग करें। इस ऐप की मदद से सेवा पुस्तिका, ट्रांसफर, प्रमोशन, पेंशन, अनुशासनात्मक कार्यवाही, और प्रदर्शन मूल्यांकन जैसे कार्य भी संभव होंगे।
ऑनलाइन अपील और रिव्यू पोर्टल की शुरुआत
बिहार लोक सेवा अधिकार अधिनियम के अंतर्गत ऑनलाइन अपील और रिव्यू पोर्टल भी शुरू किया गया है। अब आम नागरिक यदि किसी सरकारी सेवा में देरी या अस्वीकृति पाते हैं, तो सीधे इस पोर्टल पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे।
संविदाकर्मियों को मिला हेल्थ इंश्योरेंस का कवरेज
बिहार सरकार ने संविदा पर कार्यरत 3560 कर्मचारियों के लिए 5 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा शुरू किया है। यह बीमा SBI General Insurance द्वारा प्रदान किया जाएगा, जिसमें बिना वेटिंग पीरियड के इलाज और देशभर के 17500 नेटवर्क अस्पतालों में सुविधा मिलेगी। योजना के तहत सामान्य प्रसव के लिए ₹20,000 और सिजेरियन के लिए ₹50,000 तक का कवरेज मिलेगा।
डिजिटल युग में सरकारी कामकाज का नया अध्याय
इस योजना के लागू होने से बिहार देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है, जहां सरकारी सेवाओं का डिजिटलीकरण इस स्तर तक हुआ है। अब कर्मचारियों को ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने होंगे, सिर्फ एक मोबाइल ऐप से वे अपनी सभी सेवा संबंधी जरूरतें पूरी कर सकेंगे।



