निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार आवास बोर्ड के उपराजस्व अधिकारी रितेश कुमार वर्मा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी कथित तौर पर भूखंड की बकाया राशि की गणना और लीज डीड की अनुमति देने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ता अरुण कुमार सिंह ने निगरानी विभाग से संपर्क कर अफसर की हरकत की जानकारी दी थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर डीएसपी पवन कुमार-1 के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसके बाद आरोपी को उसके दफ्तर से पैसे लेते ही रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
दारोगा भी रिश्वत लेते गिरफ्तार
इसी दिन निगरानी ब्यूरो ने पटना के बहादुरपुर थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) अजय कुमार को भी 7 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह प्राथमिकी में नाम शामिल न करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
निगरानी की अब तक की कार्रवाई
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, इस साल अब तक 86 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं जिनमें यह 70वां ट्रैप केस है। अब तक कुल 80 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और लगभग 27.93 लाख रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है।


