महेशपुर प्रखंड के वीरकिट्टी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान से दो विशाल कोबरा सांप आपस में लिपटे हुए मिले। अचानक घर के अंदर यह नजारा देखकर परिवार के लोग सहम गए और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब घंटों की मशक्कत के बाद दोनों कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। वनकर्मी मोहम्मद असराफुल ने बताया कि दोनों कोबरा की लंबाई लगभग 6.5 फीट है और उनकी उम्र करीब 25 से 26 साल आंकी गई है।
ग्रामीणों से वन विभाग की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की कि अगर आसपास कोई जंगली जानवर या सांप दिखाई दे तो उस पर हमला न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें। वनकर्मी ने चेतावनी दी कि ये दोनों कोबरा अत्यधिक जहरीले हैं और काटने पर समय पर इलाज न मिलने पर मौत भी हो सकती है।
सांप के काटने पर न करें झाड़-फूंक
वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा कि सांप काटने की स्थिति में ओझा-गुनी या झाड़-फूंक में समय न गवाएं। तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराना ही जीवन बचाने का सबसे सुरक्षित तरीका है।
सुरक्षित जंगल में छोड़े जाएंगे कोबरा
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने बताया कि दोनों कोबरा को सुरक्षित घने जंगल में छोड़ दिया जाएगा ताकि वे प्राकृतिक वातावरण में रह सकें।


