ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे मेडिकल जगत को हिला दिया है। 28 वर्षीय प्रशिक्षु डॉक्टर रयान चो पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उसने तीन बड़े अस्पतालों के स्टाफ टॉयलेट में गुप्त रूप से 460 से अधिक महिलाओं के अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए।
अदालत का बड़ा फैसला
विक्टोरिया की सर्वोच्च अदालत ने शुक्रवार को आरोपी डॉक्टर को जमानत पर रिहा कर दिया। जज ने आदेश दिया कि रयान अपने माता-पिता के साथ ही रहेगा, जो उसे छुड़ाने के लिए सिंगापुर से मेलबर्न पहुंचे थे। जमानत राशि के तौर पर परिवार को 50,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 32,000 अमेरिकी डॉलर) भरने होंगे।
पुलिस का आरोप और गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि डॉक्टर चो ने 2021 से लेकर अब तक 4,500 से ज्यादा गुप्त वीडियो रिकॉर्ड किए। ये वीडियो ऑस्टिन अस्पताल, पीटर मैक्कलम कैंसर सेंटर और रॉयल मेलबर्न अस्पताल के टॉयलेट्स से बरामद हुए। आरोपी को जुलाई में गिरफ्तार किया गया था, जब अस्पताल के शौचालय में एक बैग से मोबाइल रिकॉर्डिंग बरामद हुई।
निर्वासन का खतरा
रयान चो अप्रैल 2025 में ऑस्ट्रेलिया का स्थायी निवासी बना था। लेकिन अदालत ने साफ किया कि अगर उसे दोषी ठहराया जाता है और 12 महीने से ज्यादा की सजा मिलती है, तो उसे ऑस्ट्रेलिया से निर्वासित किया जा सकता है।
बचाव पक्ष की दलील
चो के वकील जूलियन मैकमोहन ने अदालत में तर्क दिया कि उनके मुवक्किल पर गवाहों को प्रभावित करने का कोई आरोप साबित नहीं होता। उन्होंने कहा कि इतने बड़े मामले में गवाहों की संख्या सैकड़ों में होगी और ऐसे में चो का हस्तक्षेप संभव नहीं है।
मामले में बढ़े आरोप
शुरुआत में चो पर 6 अपराधों का आरोप था, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़कर 127 हो गई। आरोपों में बिना अनुमति के जानबूझकर महिलाओं की अश्लील तस्वीरें रिकॉर्ड करना शामिल है। फिलहाल चो ने अदालत में कोई दलील नहीं दी है।


