बोधगया: बिहार में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। बोधगया के बीएमपी-3 ग्राउंड में चल रही फिजिकल टेस्ट के दौरान बेहोश हुई 26 वर्षीय अभ्यर्थी के साथ कथित रूप से एंबुलेंस में गैंगरेप हुआ। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में तीन से चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
फिजिकल टेस्ट में बिगड़ी तबीयत, फिर हुआ गैंगरेप
घटना के मुताबिक, अभ्यर्थी की फिजिकल टेस्ट के दौरान तबीयत खराब हो गई थी। भर्ती टीम की ओर से उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। मगर युवती का आरोप है कि एंबुलेंस में मौजूद लोगों ने उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर उसके साथ गैंगरेप किया। यह घटना सामने आने के बाद पूरे राज्य में आक्रोश का माहौल है।
1 साल के बच्चे ने दांत से मार गिराया ज़हरीला सांप! बिहार से आई चौंकाने वाली घटना
पीड़िता का आरोप – “मुझे कुछ होश नहीं था, पर एहसास रहा कि मुझसे गलत हुआ”
इमामगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता इस समय मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाजरत है। उसने बयान में कहा कि बेहोशी की हालत में भी उसे एहसास हो गया था कि कुछ लोग उसके साथ गलत कर रहे हैं। होश में आने के बाद उसने तुरंत पुलिस को बयान दिया।
तेजी से हरकत में आई पुलिस, दो आरोपी गिरफ्तार
बिहार के एसएसपी आनंद कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए बोधगया थाने में एफआईआर दर्ज कराई और एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। महज दो घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों—एंबुलेंस चालक और टेक्नीशियन—को गिरफ्तार कर लिया। इनसे गहन पूछताछ जारी है।
👉 गया पुलिस ने ट्वीट कर इस त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी:
“सूचना मिलने के 02 घंटे के अंदर दुष्कर्म के मामले में दो अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार”
— @GAYAPOLICEBIHAR
अब भी फरार हैं अन्य आरोपी, CCTV से मिल रहे सुराग
पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस अपराध में कुल 3-4 लोग शामिल थे। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
एसएसपी का बयान – “किसी को बख्शा नहीं जाएगा”
एसएसपी आनंद कुमार ने मीडिया को बताया कि,
“हम इस मामले में बेहद गंभीरता से जांच कर रहे हैं। जो भी दोषी होगा, उसे कानून के अनुसार सख्त सजा दी जाएगी।“
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि एंबुलेंस में उस समय किन-किन लोगों की मौजूदगी थी और क्या भर्ती प्रक्रिया में लापरवाही हुई।
यह घटना बिहार में भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एक ओर जहां सरकार युवाओं को अवसर देने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।


