नालंदा में पावापुरी फार्मेसी एंड GNM कॉलेज की 12 करोड़ की लागत से बनी शैक्षणिक इमारत भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। रविवार की शाम महज 20 मिनट की हल्की बारिश में बिल्डिंग की दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कक्षाओं में मौजूद छात्र-छात्राओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
यह घटना तब हुई जब बिल्डिंग का हैंडओवर प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई थी। पांच मंजिला इमारत के सपोर्ट में लगे पिलर भी लटकते दिख रहे हैं। वहीं अन्य हिस्सों में दरारें भी साफ नजर आ रही हैं। Bhagwan Mahavir Institute of Medical Sciences (VIMS) परिसर में बनी इस इमारत में GNM और फार्मेसी के छात्र पढ़ाई करते हैं। हादसे के वक्त भी कक्षाएं चल रही थीं, जिससे छात्रों में दहशत फैल गई।
छात्रों ने जताई सुरक्षा पर चिंता, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
हादसे के बाद छात्रों ने अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। प्राचार्य Dr. Asmita Sharma को ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों ने बताया कि कई बार इमारत की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए, शिकायतें की गईं लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। प्राचार्य ने बताया कि दीवार गिरने की सूचना BIMCA को दे दी गई है और हैंडओवर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी।
भ्रष्टाचार का खुला खेल, सरकार के बजट का दुरुपयोग
दीवार गिरने और इमारत में दरारें साफ इशारा करती हैं कि निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अफसर और ठेकेदारों की मिलीभगत से घटिया निर्माण कराया गया। छात्रों की जिंदगी की कीमत पर सरकारी बजट का बंदरबांट किया गया।
भ्रष्टाचार पर उठे सवाल, कार्रवाई की मांग तेज
हादसे के बाद पूरे जिले में हड़कंप मचा है। विपक्ष ने इस मामले में नीतीश सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
#नालंदा में पावापुरी फार्मेसी एंड GNM कॉलेज की 12 करोड़ की लागत से बनी शैक्षणिक इमारत भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। रविवार की शाम महज 20 मिनट की हल्की बारिश में बिल्डिंग की दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कक्षाओं में मौजूद छात्र-छात्राओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा,… pic.twitter.com/6OXcem4vmW
— Rohit Mehta (@bloggermehta) July 15, 2025


