बिहार के लोगों के लिए हवाई सफर से जुड़ी बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार की UDAN योजना के तहत बिहार में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती देने के लिए Spirit Air जल्द ही छह नए हवाईअड्डों से अपनी सेवाएं शुरू करने जा रही है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने Spirit Air LLP को इन मार्गों पर संचालन की अनुमति देते हुए इच्छा-पत्र जारी कर दिया है। अब जल्द ही बिहार के मधुबनी, सहरसा, बीरपुर (सुपौल), वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण), मुंगेर और मुजफ्फरपुर से विमान उड़ान भरते नजर आएंगे।
Amrit Lal Meena ने क्या कहा?
बिहार के मुख्य सचिव Amrit Lal Meena ने कहा, “यह राज्य के लिए गर्व का विषय है कि हम एक साथ छह छोटे हवाईअड्डों को पुनर्जीवित कर रहे हैं। इससे स्थानीय नागरिकों को सस्ती और सुलभ हवाई सेवा मिलेगी। साथ ही बिहार की कनेक्टिविटी देश के अन्य हिस्सों से मजबूत होगी।”
कहाँ से कहाँ तक उड़ान?
Spirit Air इन हवाईअड्डों को बिहटा एयरपोर्ट और वाराणसी से जोड़ने के लिए विभिन्न मार्गों पर विमान सेवाएं शुरू करेगी। इसका सीधा लाभ सीमांचल, मिथिलांचल, तिरहुत और अंग क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा।
राज्य सरकार इन हवाई अड्डों पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC), टर्मिनल और सुरक्षा सुविधाओं जैसी जरूरी संरचना उपलब्ध कराने में सहयोग कर रही है। उड़ानों की शुरुआत इन तैयारियों के पूरी होने के बाद होगी।



