बिहार में एक बार फिर राशन कार्ड वितरण को लेकर बड़ी पहल की जा रही है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने राज्य के लाखों जरूरतमंद परिवारों को ध्यान में रखते हुए एक विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत 1 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025 के बीच कुल 3.74 लाख नए राशन कार्ड बनाए गए हैं, जिससे 13.76 लाख से अधिक नए सदस्य राशन योजना से जुड़ सकेंगे।
SC-ST और महादलित परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
यह विशेष अभियान मुख्य रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महादलित परिवारों के लिए शुरू किया गया है। विभाग द्वारा राज्य भर में कैम्प मोड में आवेदन प्रक्रिया चलाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जा सके।
तेजस्वी का चिराग पर हमला: “हनुमान बने रहने की क्या मजबूरी है?” — सियासी वफ़ादारी पर उठा बड़ा सवाल
ऑनलाइन आवेदन से घर बैठे बनवा सकते हैं राशन कार्ड
खाद्य विभाग ने पात्र लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन करने की भी अपील की है। अब कोई भी योग्य नागरिक घर बैठे ही वेबसाइट https://rconline.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकता है। इससे पारदर्शिता भी बनी रहेगी और प्रक्रिया तेज़ होगी।
अधिकारियों को निर्देश: अभियान में लाएं और तेज़ी
खुद विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि योग्य लाभार्थियों की पहचान में किसी तरह की लापरवाही न हो और अधिक से अधिक पात्र लोग योजना से लाभान्वित हों।
डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान और महिला संवाद से आए आवेदन प्राथमिकता पर
विशेष बात यह है कि इस बार राशन कार्ड के लिए डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान और महिला संवाद के तहत आए आवेदनों पर विभाग ने तेज़ी से कार्रवाई की है, जिससे जरूरतमंदों को समय पर लाभ मिल सका है।


