Gumla Crime News: गुमला जिले स्थित पालकोट थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव में यूपीआई पेमेंट के नाम पर ठगी करने के आरोप में ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी. ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पेड़ से बांधकर कई घंटे तक रखा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से आजाद कराकर थाने ले आयी.
नाश्ता करने पहुंचे थे गिरीश कुमार
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाइक सवार दो युवक नाथपुर गांव स्थित ठेला-खोमचा संचालक गिरीश कुमार की दुकान पर पहुंचे और नाश्ता किया. इसके बाद युवकों ने यूपीआई के माध्यम से भुगतान करने की बात कही. उन्होंने स्कैनर स्कैन कर पेमेंट हो जाने का दावा किया और साथ ही दो हजार रुपये नकद देने की बात कहकर वहां से निकल गये.
ठगी का एहसास हुआ तो किया पीछा
कुछ देर बाद जब गिरीश कुमार ने अपने खाते की जांच की तो उसमें कोई राशि नहीं आयी थी. इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ. गिरीश कुमार ने तुरंत दोनों युवकों का पीछा करते हुए शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी पीछा करने लगे.
बागेसेरा गांव के पास पकड़ कर दी जमकर पिटाई
ग्रामीणों ने पीछा करते हुए दोनों युवकों को बागेसेरा गांव के पास पकड़ लिया. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई कर दी और उन्हें एक पेड़ से बांध दिया. बाद में इसकी सूचना पालकोट थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कर थाना ले आयी. इस संबंध में पालकोट थाना प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोनों युवकों की ग्रामीणों ने काफी पिटाई कर दी है, जिससे वे घायल हो गये हैं. यदि मामला दर्ज होता है तो मारपीट करने वाले ग्रामीणों की जवाबदेही भी तय की जा सकती है. हालांकि घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने मारपीट की बात से इंकार किया है.


