रांची: झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित तापे गांव में एक राइस मिल और कोल्ड ड्रिंक गोदाम में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 20 से 22 अपराधियों ने पांच घंटे तक परिसर में आतंक मचाया और ₹3.35 लाख नकद, ट्रांसफॉर्मर का कॉपर वायर तथा कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लूटकर फरार हो गए।
कर्मियों को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, घटना 10 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे हुई। बदमाश दो वाहनों से परिसर में पहुंचे और हथियारों के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और लॉकर की चाबी छीनकर उसमें रखी नकदी लूट ली। इसके बाद सभी कर्मचारियों के हाथ-पैर बांधकर अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया।
ट्रांसफॉर्मर तोड़कर निकाला कॉपर वायर
डकैतों ने परिसर में लगे ट्रांसफॉर्मर को भी नुकसान पहुंचाया और उसमें से कॉपर वायर निकाल लिया। इसके अलावा गोदाम में रखी कोल्ड ड्रिंक की कई बोतलें भी अपने साथ ले गए। पीड़ितों का कहना है कि अपराधियों को परिसर की बनावट और लॉकर की पूरी जानकारी थी।
पांच घंटे तक चला लूटपाट का सिलसिला
पीड़ितों के अनुसार, बदमाश रात करीब 11 बजे से सुबह 4 बजे तक परिसर में मौजूद रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे लूटा गया सामान वाहनों में भरकर फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में रांची निवासी आदित्य सिंह की शिकायत पर ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले भी हो चुकी है डकैती
बताया जा रहा है कि इसी राइस मिल परिसर में वर्ष 2023 में भी बड़ी डकैती की घटना हुई थी, जिसमें लाखों रुपये की संपत्ति लूटी गई थी। इस बार की घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

