जमशेदपुर पुलिस ने मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को कोडरमा रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस के अंदर से गिरफ्तार किया। दोनों बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले हैं।
6000 करोड़ से ज्यादा का घोटाला
मैक्सीजोन पर देशभर के निवेशकों से 6000 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का आरोप है। सिर्फ जमशेदपुर में ही लगभग 10 हजार निवेशकों के 150 करोड़ रुपये डूब गए। जबकि पूरे देश में एक लाख से ज्यादा निवेशक इस धोखाधड़ी का शिकार हुए।
क्रिप्टो और शेयर मार्केट का झांसा
कंपनी ने दावा किया था कि वह क्रिप्टोकरेंसी और शेयर मार्केट में निवेश कर बड़ा मुनाफा कमा रही है। 15% तक बेहतर रिटर्न का लालच देकर हजारों लोगों से पैसे जुटाए गए। शुरुआत में रिटर्न दिया गया, लेकिन जनवरी 2022 से पैसे आना बंद हो गए।
निवेशकों की शिकायत और कार्रवाई
पीड़ित निवेशकों ने 2022 में जमशेदपुर के साकची थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी। ठगी के आरोप में चंद्रभूषण सिंह का पासपोर्ट जब्त करने की मांग भी उठी थी। इसी बीच पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपति को ट्रेन से धर दबोचा।
लालच ने किया बर्बाद
ज्यादातर निवेशकों ने म्युचुअल फंड और सेविंग्स तोड़कर रकम कंपनी में लगाई थी। शुरुआत के कुछ महीनों तक सबकुछ सही चला, लेकिन बाद में “KYC अपडेट” और “GST डिडक्शन” जैसे बहानों से कंपनी पैसे लौटाने से बचती रही।


