नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में इन दिनों बादल कहर बरपा रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तराखंड, बिहार, हिमाचल समेत कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान जताते हुए रेड और येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने सड़कों को तालाब में बदल दिया है, जबकि पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड और बिजली गुल होने से हालात गंभीर हैं।
उत्तराखंड में स्कूल बंद, राहत कार्य थमे
देहरादून और उत्तरकाशी में भारी बारिश के चलते प्रशासन ने सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। उत्तरकाशी के धराली इलाके में तेज बारिश के कारण राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में मूसलाधार बारिश से स्थिति और बिगड़ सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में जलभराव और ट्रैफिक जाम
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रविवार रात से लगातार हो रही बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। कई इलाकों में जलजमाव और ट्रैफिक जाम से लोग घंटों फंसे रहे। खराब ड्रेनेज सिस्टम ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अगले 24 घंटों में और भारी बारिश की संभावना है।
बिहार में नदियां उफान पर, बाढ़ का खतरा
बिहार के चंपारण, सीतामढ़ी, अररिया, किशनगंज और मधुबनी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी है। गंगा, कोसी, कमला बलान और गंडक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
यूपी के पूर्वी जिलों में दो दिन का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर, मऊ, बलिया, गोरखपुर, बस्ती और सिद्धार्थनगर में अगले 48 घंटों तक भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने निचले इलाकों में सतर्क रहने की अपील की है।
हिमाचल में लैंडस्लाइड, सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, शिमला और मंडी में हालात गंभीर हैं। कई सड़कें बंद हैं, बिजली और संचार सेवाएं ठप हो चुकी हैं। राज्य को अब तक 1000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
दक्षिण और मध्य भारत भी अलर्ट पर
मध्य प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 13 से 17 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट है। फसलों को नुकसान और सड़कों पर अवरोध की आशंका है।
नागरिकों से अपील
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।


