कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक आरवी देशपांडे अपने विवादित बयान को लेकर घिर गए हैं। महिला पत्रकार से बातचीत के दौरान उनकी ‘डिलीवरी’ टिप्पणी ने न सिर्फ पत्रकार वर्ग को नाराज कर दिया, बल्कि विपक्षी दल भाजपा को भी कांग्रेस पर हमलावर होने का मौका दे दिया है।
क्या था पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के हलियाल क्षेत्र की है। महिला पत्रकार ने विधायक से सवाल किया था कि जोएडा तालुक में अस्पताल कब तक बनाया जाएगा, क्योंकि इसकी कमी से स्थानीय लोगों और खासकर गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी होती है।
इस पर विधायक देशपांडे ने हंसते हुए जवाब दिया –
“चिंता मत करो, तुम्हारी हलियाल में करा देंगे। जब तुम्हारी डिलीवरी का समय आएगा, तब हम अस्पताल बना देंगे।”
महिला पत्रकार की प्रतिक्रिया
पत्रकार राधा हिरेगौडार ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा –
“मैंने सिर्फ क्षेत्र के लोगों की परेशानी को लेकर सवाल किया था, लेकिन इस तरह का गैर-जिम्मेदार जवाब चौंकाने वाला है। मैंने और मेरे चैनल ने उनसे माफी की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला।”
राजनीतिक गलियारों में हलचल
इस बयान के बाद विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर हमला बोला और इसे ‘ओछी मानसिकता’ करार दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर भी देशपांडे के खिलाफ गुस्सा देखने को मिल रहा है।


