बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। सूत्रों के अनुसार, बिहार विधान परिषद चुनाव के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पार्टी की नई प्रदेश कमेटी का ऐलान कर सकते हैं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की जगह किसी नए चेहरे को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। चुनाव के बाद तेजस्वी यादव जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें संगठन को मजबूत करने और नई रणनीति पर चर्चा होगी। इसके बाद नई टीम की घोषणा की जा सकती है।
मंगनी लाल मंडल हाल के दिनों में पार्टी के भीतर अनुशासन और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने एक पत्र जारी कर कहा था कि कई कार्यक्रम उनकी जानकारी के बिना आयोजित किए जा रहे हैं और पार्टी की कार्यप्रणाली में नियमों की अनदेखी हो रही है।
नए प्रदेश अध्यक्ष की रेस में तीन नेताओं के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इनमें पहला नाम पूर्व मंत्री और बोधगया से विधायक कुमार सर्वजीत का है। माना जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव दोनों के करीबी होने के कारण उनकी दावेदारी मजबूत है।
दूसरा प्रमुख नाम पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक आलोक मेहता का है। संगठन और जमीनी राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वहीं तीसरा नाम सांसद सुधाकर सिंह का है, जो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र हैं। पार्टी के भीतर उनकी सक्रियता और किसान मुद्दों पर मुखर भूमिका को भी अहम माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए आरजेडी संगठन को नई दिशा देने की कोशिश कर रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में अच्छा वोट शेयर मिलने के बावजूद पार्टी अपेक्षित सीटें हासिल नहीं कर सकी थी। ऐसे में तेजस्वी यादव संगठन में नई ऊर्जा और नई रणनीति के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में हैं।
हालांकि प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अंतिम फैसला चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद लिया जा सकता है।

