दरभंगा में 27 अगस्त को हुई इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा अब नए विवाद में फंस गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की सुरक्षा टीम पर बाइक चोरी का गंभीर आरोप लगा है।
ढाबा संचालक का आरोप: कमांडो ले गए पल्सर बाइक
एनएच-27 के पास मां दुर्गा लाइन होटल चलाने वाले शुभम सौरभ का दावा है कि यात्रा के दौरान उनके पिता अनिल राय की पल्सर 220 बाइक सुरक्षा घेरे में तैनात कमांडो ने जबरन ले ली। उनका कहना है कि बाकी बाइक्स बाद में मिल गईं, लेकिन उनकी बाइक अब तक गायब है।
कई जिलों के चक्कर, पर बाइक का सुराग नहीं
शुभम ने बताया कि बाइक वापस लेने के लिए उसने सीतामढ़ी और ढाका तक चक्कर लगाए, लेकिन हर जगह उसे निराशा हाथ लगी। यहां तक कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा से भी उसने संपर्क किया, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
पुलिस जांच पर सवाल
शुभम सौरभ ने मामले की शिकायत मब्बी थाने में दर्ज कराई है। लेकिन पुलिस का कहना है कि वे यात्रा ड्यूटी में व्यस्त थे और बाद में जांच करेंगे। वहीं, दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने कहा कि फिलहाल उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन सूचना मिलने पर कार्रवाई होगी।
आरोपों से बढ़ी सियासी सरगर्मी
बाइक गायब होने के इस मामले ने सियासी हलचल भी बढ़ा दी है। राहुल गांधी की यात्रा पर पहले से ही कई घटनाओं के आरोप लगते रहे हैं, ऐसे में अब इस मामले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


