बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास खाली करने से साफ इनकार कर दिया है। भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी नोटिस के बाद उन्होंने कहा कि अगर सरकार बंगला खाली कराना चाहती है तो फोर्स बुलाकर खाली करा ले, लेकिन वह खुद इसे नहीं छोड़ेंगी।
भवन निर्माण विभाग ने हाल ही में राबड़ी देवी को तीसरा नोटिस जारी किया है। विभाग का कहना है कि 10 सर्कुलर रोड स्थित यह सरकारी आवास अब पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है, इसलिए इसे जल्द खाली किया जाना चाहिए।
नोटिस मिलने के बाद राबड़ी देवी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह किसी भी हालत में यह आवास नहीं छोड़ेंगी। दिल्ली से पटना लौटने के बाद उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
विभाग के अनुसार, नवंबर 2025 में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया था। इसके बावजूद उन्होंने अब तक नया आवास ग्रहण नहीं किया है और पुराने बंगले में ही रह रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार वर्ष 2005 से 10 सर्कुलर रोड स्थित इस सरकारी आवास में रह रहा है। विभाग का दावा है कि पिछले कई महीनों से आवास खाली करने का अनुरोध किया जा रहा है, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, बंगले से कुछ सामान धीरे-धीरे दूसरे स्थानों पर भेजा जा रहा है, लेकिन आवास अभी पूरी तरह खाली नहीं किया गया है। इससे पहले भी करीब एक महीने पहले विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया था।
अब यह मामला राजनीतिक रूप लेता दिख रहा है। एक ओर सरकार आवास खाली कराने पर अड़ी है, तो दूसरी ओर राबड़ी देवी अपने पुराने सरकारी आवास को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और विवाद बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

