पटना साहिब गुरुद्वारे में RDX धमकी! ईमेल से मचा हड़कंप, बम स्क्वॉड ने संभाली कमान

धमकी भरे ईमेल से दहशत, लंगर हॉल से श्रद्धालुओं की निकासी, पुलिस और साइबर सेल अलर्ट

Rohit Mehta Journalist
Patna Sahib Gurudwara Rdx Threat Email Bomb Squad Panic
Patna Sahib Gurudwara Rdx Threat Email Bomb Squad Panic (PC: BBN24/Social Media)

पटना: सिख धर्म के पांच तख्तों में से एक तख़्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब सोमवार को एक बड़े सुरक्षा अभियान का केंद्र बन गया। गुरुद्वारे के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा मेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि लंगर हॉल में RDX विस्फोटक रखा गया है।

श्रद्धालुओं को तुरंत निकाला गया

ईमेल मिलते ही प्रबंधन और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को घेर लिया। सुरक्षा कारणों से श्रद्धालुओं को तुरंत बाहर निकाला गया और चारों ओर बैरिकेडिंग कर तलाशी अभियान चलाया गया।

साइबर सेल ने शुरू की जांच

धमकी भरे मेल की जांच अब साइबर सेल कर रही है। पुलिस डिजिटल फुटप्रिंट्स को खंगाल रही है ताकि मेल भेजने वाले का पता लगाया जा सके। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा –

“किसी भी संभावना को नज़रअंदाज नहीं किया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।”

अब तक गुरुद्वारे से कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

प्रबंधन ने जताई चिंता, अधिकारियों की कार्रवाई की सराहना

गुरुद्वारा प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा –

“प्रतिदिन हज़ारों श्रद्धालु देश-विदेश से यहां दर्शन के लिए आते हैं। धमकी से चिंता ज़रूर बढ़ी, लेकिन समय रहते श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालना प्रशासन की सराहनीय पहल रही।”

ऐतिहासिक महत्व से जुड़ा स्थल

गौरतलब है कि पटना साहिब गुरुद्वारा गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्मस्थान है और सिख धर्म में इसका गहरा धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। धमकी के बाद आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की

पुलिस ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article