Patna News: Patna के फुलवारी शरीफ इलाके में एक युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया. शव बरामद नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 139 को जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया.
घटना फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र की है, जहां पोखर में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान विक्रम थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी बीरेंद्र माझी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपने रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होने आया था.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात बीरेंद्र घर से बाहर निकला और पोखर के पास चला गया. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने रातभर खोजबीन की, लेकिन शव का पता नहीं चल सका.
सुबह तक शव बरामद नहीं होने पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. मृतक की पत्नी और तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद समय पर गोताखोरों की टीम नहीं पहुंची, जिससे राहत कार्य में देरी हुई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस पोखर में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन न तो सुरक्षा के इंतजाम किए गए और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया.
NH 139 पर जाम और आगजनी
इसी के विरोध में लोगों ने एम्स गोलंबर के पास NH 139 को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
इस जाम का असर एम्स आने-जाने वाले मरीजों और एम्बुलेंस पर भी पड़ा. कई गंभीर मरीज घंटों जाम में फंसे रहे. आक्रोशित भीड़ ने कुछ जगहों पर तोड़फोड़ और मारपीट भी की, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.
मौके पर पहुंची पुलिस
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फुलवारी शरीफ थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे.
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जल्द से जल्द शव बरामद किया जाए, पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए और पोखर की स्थायी घेराबंदी की जाए. प्रशासन ने गोताखोरों की टीम तैनात करने और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है. फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है.


