राजधानी पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके में स्थित मोशन कोचिंग सेंटर में मंगलवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया। फैकल्टी की अनुपस्थिति और पढ़ाई बाधित होने से नाराज छात्रों ने तोड़फोड़, पथराव और विरोध प्रदर्शन किया।
फैकल्टी की कमी से छात्रों का गुस्सा
मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करवाने वाला यह कोचिंग संस्थान लंबे समय से फैकल्टी की कमी से जूझ रहा है। छात्रों का आरोप है कि भारी-भरकम फीस वसूलने के बावजूद नियमित क्लास नहीं हो रही। यही वजह रही कि गुस्साए छात्रों ने अचानक बवाल खड़ा कर दिया।
कोचिंग संचालक पर मारपीट का आरोप
कई छात्रों ने कोचिंग मैनेजमेंट पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर सामने आईं तस्वीरों में छात्रों के कपड़े फटे नजर आ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि समय पर आने में थोड़ी भी देर होने पर उन्हें क्लास में बैठने नहीं दिया जाता, जबकि फैकल्टी के नहीं आने पर कोचिंग मैनेजमेंट कोई जवाब नहीं देता।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस छात्रों और कोचिंग मैनेजमेंट दोनों पक्षों से बात कर रही है। हालांकि, छात्रों का कहना है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करेंगे।



