बिहार पर्यटन विभाग ने राजधानी पटना में पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जोड़ दिया है। मुंबई की तर्ज पर ओपन डबल डेकर बस सेवा अब पटना में भी शुरू होने जा रही है। पर्यटन मंत्री राजू सिंह मंगलवार (2 सितंबर) को जेपी गंगा पथ पर इस बस सेवा का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
कहां से कहां चलेगी बस?
यह डबल डेकर बस दीघा से दीदारगंज तक चलाई जाएगी। शुरुआत दीघा रोटरी के पास दिन के 12:30 बजे होगी। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने इस सेवा को लॉन्च किया है, ताकि सैलानियों को राजधानी की खूबसूरती और गंगा किनारे के दृश्य का आनंद नए अंदाज में मिल सके।
हाईटेक सुविधाओं से लैस
ओपन डबल डेकर बस में कुल 40 सीटें हैं — नीचे 20 और ऊपर 20। बस में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिनमें शामिल हैं:
- आरामदायक सीटें
- AC, फ्रिज और माइक्रोवेव
- बाथरूम की सुविधा
- इमरजेंसी के लिए पैनिक बटन
कितना लगेगा किराया?
पर्यटकों के लिए इस बस सेवा को किफायती रखा गया है। दीघा घाट से कंगन घाट तक सफर का किराया प्रति व्यक्ति 100 रुपये तय किया गया है।
पटना टूरिज्म को नई पहचान
यह पहली बार है जब बिहार में डबल डेकर बस चलाई जा रही है। पर्यटन विभाग का मानना है कि यह सेवा न केवल स्थानीय सैलानियों को बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी एक अनूठा अनुभव देगी और पटना की टूरिज्म इंडस्ट्री को नई पहचान मिलेगी।



