पटना सिविल कोर्ट में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक धमकी भरा ईमेल कोर्ट प्रशासन को मिला। ईमेल में दावा किया गया कि न्यायाधीशों के चैंबर और कोर्ट परिसर में 4 RDX IEDs लगाए गए हैं। यही नहीं, ईमेल में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की संलिप्तता का भी आरोप लगाया गया।
जजों की तत्काल निकासी, सुरक्षा घेराबंदी
धमकी के बाद कोर्ट प्रशासन ने तुरंत सभी जजों को उनके चैंबर से बाहर निकाल लिया। सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को घेर लिया और बम डिस्पोजल यूनिट व डॉग स्क्वॉड को जांच के लिए बुलाया गया।
वकील का बयान – दूसरी बार मिली धमकी
वरिष्ठ वकील ऋषिकेश नारायण सिन्हा ने बताया कि धमकी एक दिन पहले ही मिल चुकी थी और आज जांच की जा रही है। उन्होंने कहा –
“यह लगातार दूसरी धमकी है। कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी है, जज अपने चैंबर खाली कर चुके हैं और सुरक्षा दल जांच में जुटे हैं।”
जांच जारी, आधिकारिक पुष्टि नहीं
अभी तक सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी तरह का विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस और जांच एजेंसियां ईमेल की सत्यता और विदेशी खुफिया एजेंसी के कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही हैं।


