पटना: ऑल इंडिया दांगी क्षत्रिय संघ, बिहार के तत्वावधान में 6 सितंबर 2025 को पटना स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में दांगी समाज का विशाल महासम्मेलन आयोजित हुआ। इस महाजुटान में बिहार के अलावा दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, गुजरात सहित विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। इतना ही नहीं, पड़ोसी देश नेपाल से भी प्रतिनिधि पहुंचे और समाज की आवाज़ में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
समाज ने रखी राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग
राष्ट्रीय प्रधान महासचिव वीर वीरेन्द्र दांगी ने कहा कि दांगी समाज हमेशा राजनीतिक रूप से जागरूक रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा दांगी जाति को बीसी-2 से बीसी-1 में लाकर विशेष आरक्षण देने के लिए उन्होंने आभार जताया।
बिहार प्रदेश के प्रधान महासचिव ई. अरुण कुमार दांगी ने कहा कि समाज को विकास की गति देने के लिए राजनीतिक सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि दांगी समाज को भी सत्ता में बराबर की हिस्सेदारी मिले।
“कब तक मांगेंगे अपने अधिकार?” – नेताओं का सवाल
प्रदेश अध्यक्ष विजय प्रसाद दांगी ने कहा कि दांगी जाति का असली प्रतिनिधित्व केवल ऑल इंडिया दांगी क्षत्रिय संघ करता है। ऐसे में छद्म नेताओं से परे रहकर संगठन के पदाधिकारियों को सत्ता और सरकार में सम्मानजनक हिस्सेदारी दी जानी चाहिए।
स्वागताध्यक्ष डॉ. नीतीश कुमार दांगी ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए समाज सेवा को निरंतर जारी रखने का प्रण लिया।
सरकार और विपक्ष का मिला समर्थन
सभा में शामिल ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने भरोसा दिलाया कि सरकार दांगी समाज को EBC लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने समाज को अपने पुराने समर्थन को एक बार फिर दोहराया। इसके अलावा प्रेम नारायण सिंह, मंटु सिंह, मुनेश्वर चौधरी, रणविजय साहु और अन्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया।
भविष्य के लिए मजबूत संगठन की दिशा
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पुरुषोत्तम दांगी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और समाज के सशक्तिकरण का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार दांगी, मीडिया प्रभारी प्रभाकर रंजन दांगी, तथा अन्य गणमान्य नेताओं ने राजनीतिक और सामाजिक सुधारों के लिए संगठन को और मजबूत करने की बात कही।


