पटना: बिहार प्रशासन में एक बड़ा बदलाव हुआ है। 1991 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी प्रत्यय अमृत ने रविवार शाम को बिहार के मुख्य सचिव का पदभार संभाला। इस अवसर पर पूर्व मुख्य सचिव अमृत लाल मीना ने स्वयं उन्हें कुर्सी पर बैठाकर शुभकामनाएँ दीं। यह दृश्य न केवल प्रशासनिक परंपरा बल्कि आपसी सम्मान का भी प्रतीक बना।
अमृत लाल मीना को मिला भावुक विदाई समारोह
1989 बैच के IAS अधिकारी अमृत लाल मीना को उनके साथियों और परिवार की मौजूदगी में भावुक विदाई दी गई। मुख्य सचिवालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उनके जीवन सफर को एक वीडियो डॉक्यूमेंट्री के जरिए दिखाया गया। राजस्थान के करौली जिले की साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने बिहार प्रशासन के शीर्ष पद तक का सफर तय किया। अपने करियर में उन्हें तीन राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुके हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किए कार्यों को याद
विदाई समारोह में DGP विनय कुमार और IAS अधिकारी हरजोत कौर बमरा, न विजयलक्ष्मी, वंदना प्रेयशी, लोकेंद्र कुमार सिंह और एच. श्रीनिवास समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मीना की ईमानदारी और कार्यशैली को याद किया। कार्यक्रम के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले, जब मीना और उनकी पत्नी बरफी मीना को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए।
प्रत्यय अमृत के साथ मौजूद रहे अधिकारी और परिवार
नए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की पत्नी रत्ना अमृत भी इस अवसर पर मौजूद थीं। विकास आयुक्त एस. सिद्धार्थ सहित कई वरिष्ठ नौकरशाह सभागार में उपस्थित रहे, जबकि संभागीय आयुक्त और जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।



