पटना: बिहार सरकार की फ्री बिजली योजना का फायदा उठाने के नाम पर साइबर अपराधियों ने लोगों को बुरी तरह ठगा है। अब तक कम से कम सात लोगों से 11 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की शिकायत सामने आई है।
फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही खाते साफ
पुलिस के अनुसार ठग खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर फोन कर रहे थे। वे लोगों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन लिंक भेजते और उस पर क्लिक करने के लिए कहते। जैसे ही लोग लिंक पर क्लिक करते, उनके बैंक खाते से पैसा उड़ जाता।
अलग-अलग इलाकों में लाखों की ठगी
- फुलवारीशरीफ: एक व्यक्ति से 3.99 लाख रुपये की ठगी
- रूपसपुर: 1.75 लाख रुपये की चपत
- दरियापुर: 1.09 लाख रुपये की ठगी
- दानापुर: 90 हजार रुपये की ठगी
इसी तरह, राजीव नगर में एक व्यक्ति से इन्वर्टर कंपनी के नाम पर 1.67 लाख रुपये ठगे गए। वहीं, मनेर की एक महिला से आधार वेरिफिकेशन के नाम पर 1 लाख रुपये निकलवा लिए गए। एक अन्य शख्स से 96 हजार रुपये की ठगी हुई।
पहले भी हो चुकी है ठगी
दिघा के रामजीचक इलाके में दो लोगों से कहा गया कि उनका बिजली बिल अपडेट नहीं हुआ है और वे योजना से वंचित हो जाएंगे। लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके खाते से 63 हजार रुपये गायब हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया केस
साइबर सेल की मानें तो फ्री बिजली योजना से जुड़ी ठगी के मामलों में अब तक 7.73 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जबकि कुल ठगी की रकम 11.36 लाख रुपये तक पहुंच गई है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


