बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Election 2025) को लेकर कांग्रेस पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। पार्टी इस बार राज्य के हर जिले में कम से कम एक सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। 2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सारण, शिवहर, मुंगेर, भोजपुर, कैमूर, अरवल और जहानाबाद—इन 7 जिलों में कोई भी उम्मीदवार नहीं उतारा था।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बाद बदली रणनीति
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 2020 में इन जिलों में प्रत्याशी न उतारने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। इस बार कांग्रेस ने आंतरिक सर्वे और फीडबैक के बाद यह फैसला लिया है कि सभी जिलों में कम से कम एक सीट पर पार्टी की मौजूदगी दर्ज कराई जाएगी।
दिल्ली बैठक में उठा मुद्दा
हाल ही में दिल्ली में हुई दो दिवसीय बैठक में प्रदेश नेताओं ने यह मुद्दा आलाकमान के सामने रखा। नेताओं का मानना था कि सीट शेयरिंग में यह सुनिश्चित किया जाए कि हर जिले में कांग्रेस को प्रत्याशी उतारने का मौका मिले। इससे कार्यकर्ताओं की सक्रियता बनी रहेगी और संगठन को मजबूती मिलेगी।
उम्मीदवारों की तलाश शुरू
इस रणनीति के तहत कांग्रेस ने जिलास्तरीय और प्रखंड स्तरीय कमेटियों से दावेदारों के नाम मांगे हैं। प्रदेश इलेक्शन कमेटी 16 सितंबर को बैठक कर हर सीट के लिए तीन-तीन नाम सुझाएगी। इन नामों पर 19 सितंबर को पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी विचार करेगी और फाइनल लिस्ट तय करेगी।


