बिहार में सनसनी: युवक की बेरहमी से हत्या, गला रेता और फिर जलाकर किया खौफनाक कांड

सीवान जिले में युवक का अधजला शव गंडक नदी किनारे मिला, इलाके में फैली दहशत

Bihar Crime News Youth Murdered Burnt Body Found
Bihar Crime News Youth Murdered Burnt Body Found (PC: BBN24/Social Media)

बिहार के सीवान जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की गला रेतकर हत्या करने के बाद उसके शरीर को जलाने की कोशिश की गई। मृतक का अधजला शव गंडक नदी किनारे नहर के पास से बरामद हुआ। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

कैसे हुआ वारदात का खुलासा?

बसंतपुर थाना क्षेत्र के खोड़ी पाकर गांव में सुबह स्थानीय लोग टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्हें नहर किनारे एक युवक का अधजला शव मिला। देखते ही देखते खबर गांव में फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान भगवानपुर मलमलिया निवासी पियूष कुमार (पिता स्व. रविंद्र सिंह का छोटा बेटा) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक पियूष हिमाचल प्रदेश में पढ़ाई कर रहा था और टैटू बनाने का काम भी करता था। तीन साल बाद वह गांव लौटा था।

परिजनों का आरोप

परिजनों ने दावा किया कि पहले पियूष का गला रेता गया और फिर उसे सुनसान जगह पर पेट्रोल डालकर जला दिया गया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें। पियूष तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था और पिता की मौत के बाद दादा-दादी के साथ रह रहा था।

पुलिस जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। गांव और मृतक के परिवार में घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल है।

Share This Article
Exit mobile version