पटना: वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) की बिहार इकाई की पहली बैठक शनिवार को पटना के डाकबंगला चौराहा स्थित कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को राज्यभर में मजबूत बनाने, जिला इकाइयों के गठन और डिजिटल पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक की अध्यक्षता बिहार अध्यक्ष अक्षय आनंद ने की, जबकि संचालन महासचिव सागर कुमार ने किया।
अगस्त के पहले सप्ताह में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
बैठक में निर्णय लिया गया कि अगस्त के पहले सप्ताह में पटना में एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बिहार के सभी जिलों के जिला अध्यक्ष और जिला सचिवों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष, बिहार विधान परिषद के सभापति और राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री को आमंत्रित करने का भी निर्णय लिया गया।
जल्द होगा जिला इकाइयों का गठन
संगठन ने तय किया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम से पहले सभी जिलों में अध्यक्ष और सचिव की नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी। इससे संगठन का विस्तार जिला स्तर तक होगा और पत्रकारों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराया जा सकेगा।
डिजिटल मीडिया की आर्थिक मजबूती पर चर्चा
बैठक में स्वतंत्र डिजिटल समाचार संस्थानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बिहार कार्यकारिणी के सचिव एवं BBN24 के संस्थापक रोहित मेहता ने कहा कि स्वतंत्र डिजिटल मीडिया संस्थानों की आर्थिक मजबूती लोकतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में काम कर रहे स्वतंत्र वेब पत्रकारों को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। आर्थिक रूप से सक्षम डिजिटल मीडिया ही संपादकीय स्वतंत्रता, विश्वसनीय पत्रकारिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती दे सकता है।
हर शनिवार होगी समीक्षा बैठक
संगठन ने निर्णय लिया कि अब प्रत्येक शनिवार नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में सप्ताहभर की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की योजना और संगठनात्मक विस्तार पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि ‘पिक्कू’, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार, बिहार अध्यक्ष अक्षय आनंद, महासचिव सागर कुमार, करुणा कुमारी, अंजनी पांडेय, रोहित मेहता और अमर सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने बिहार में संगठन के विस्तार, पत्रकारों के हितों की रक्षा और डिजिटल पत्रकारिता को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।

