Patna Metro: नेहरू पथ पर जाम कम करने के लिए टूटेंगी सरकारी भवनों की बाउंड्री, सड़क होगी चौड़ी

Fevicon Bbn24
Patna Metro Nehru Path Road Widening Government Building Boundary Wall Plan
Patna Metro Nehru Path Road Widening Government Building Boundary Wall Plan (PC: BBN24/Social Media)

पटना: पटना मेट्रो के निर्माण कार्य के दौरान नेहरू पथ पर ट्रैफिक जाम की समस्या से बचने के लिए प्रशासन ने नया प्लान तैयार किया है। इसके तहत चिड़ियाघर गेट नंबर-1 से आयकर गोलंबर तक सड़क को अस्थायी रूप से चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए सड़क किनारे स्थित कई सरकारी भवनों की बाउंड्री वॉल (चहारदीवारी) हटाई जाएगी।

सड़क चौड़ी कर सुगम होगा यातायात

अधिकारियों के अनुसार, नेहरू पथ पर भूमिगत मेट्रो स्टेशन के निर्माण के दौरान ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने की योजना बनाई गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सभी बाउंड्री वॉल दोबारा बना दी जाएंगी।

संयुक्त टीम करेगी निरीक्षण

योजना को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस, पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम पूरे रूट का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान यह तय किया जाएगा कि किन भवनों की बाउंड्री कितनी हटाई जाएगी।

दो साल तक लागू रहेगी व्यवस्था

प्रशासन का अनुमान है कि नेहरू पथ पर मेट्रो स्टेशन निर्माण का काम करीब दो साल तक चलेगा। इस दौरान सड़क चौड़ीकरण की यह अस्थायी व्यवस्था लागू रहेगी। जहां जरूरत होगी, वहां सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग भी की जाएगी।

किन भवनों पर पड़ेगा असर?

इस योजना के तहत विकास भवन, ऑफिसर्स फ्लैट, डायल-112 भवन, बिहार रेडियो भवन, विश्वेश्वरैया भवन, नियोजन भवन और विद्युत भवन सहित कई सरकारी परिसरों की बाउंड्री वॉल अस्थायी रूप से हटाई जा सकती है।

पहले ट्रैफिक डायवर्जन की थी योजना

इससे पहले ट्रैफिक को राजवंशी नगर और आसपास की आवासीय कॉलोनियों की ओर डायवर्ट करने का प्रस्ताव था। हालांकि स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए इस योजना को फिलहाल स्थगित कर दिया गया। अब सड़क चौड़ीकरण के विकल्प पर काम किया जा रहा है।

Share This Article