बिहार में एनकाउंटर पर सियासत तेज, 37 दिन में 11 मुठभेड़ के बाद ‘योगी मॉडल’ की चर्चा

Rohit Mehta Journalist
Bihar Encounter Yogi Model Discussion Samrat Chaudhary Government
Bihar Encounter Yogi Model Discussion Samrat Chaudhary Government (PC: BBN24/Social Media)

Encounter In Bihar: बिहार में लगातार हो रहे पुलिस एनकाउंटर को लेकर अब राजनीतिक बहस तेज हो गई है. पिछले 37 दिनों में राज्य में 11 एनकाउंटर हो चुके हैं. वहीं लगातार 5 दिनों में 6 अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हुई है. ताजा मामला जहानाबाद का है, जहां कुख्यात अपराधी बिक्कू सिंह उर्फ रावण पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया.

इन घटनाओं के बाद बिहार में अब “योगी मॉडल” की चर्चा शुरू हो गई है.

जहानाबाद में आधी रात एनकाउंटर

जहानाबाद के भेलावर थाना क्षेत्र में दीपक कुमार की हत्या के मामले में गिरफ्तार बिक्कू सिंह उर्फ रावण को पुलिस हथियार बरामदगी के लिए घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के पास नहर किनारे लेकर गई थी.

पुलिस के मुताबिक इसी दौरान आरोपी ने छिपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. एक गोली घोसी थाना प्रभारी की गाड़ी में भी लगी. इसके बाद आरोपी भागने लगा, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की.

पुलिस फायरिंग में बिक्कू सिंह के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया.

‘गोली चलाओगे तो गोली खाओगे’

Samrat Choudhary ने हाल ही में कहा था कि पुलिस के हाथ खोल दिए गए हैं और “अगर अपराधी गोली चलाएंगे तो गोली खाएंगे.”

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद बिहार पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती नजर आ रही है. सरकार का दावा है कि अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.

37 दिन में हुए 11 एनकाउंटर

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में अब तक 11 एनकाउंटर हो चुके हैं. इनमें कई बड़े अपराधी पुलिस कार्रवाई में घायल हुए, जबकि कुछ मुठभेड़ों में अपराधियों की मौत भी हुई.

हाल के प्रमुख एनकाउंटर

  • 22 मई – जहानाबाद में बिक्कू सिंह उर्फ रावण घायल
  • 21 मई – किशनगंज में बाइक चोर गिरोह के सदस्य को गोली लगी
  • 20 मई – समस्तीपुर में अपराधी का एनकाउंटर
  • 19 मई – पटना में 27 लाख लूटकांड के आरोपी पर कार्रवाई
  • 18 मई – सीवान और पटना में दो अलग-अलग एनकाउंटर
  • 13 मई – बिहटा में विदेशी राय और पप्पू राय घायल
  • 3 मई – सीवान में सोनू यादव एनकाउंटर में ढेर
  • 30 अप्रैल – छोटू यादव का एनकाउंटर
  • 29 अप्रैल – भागलपुर में रामधनी यादव एनकाउंटर
  • 22 अप्रैल – पटना में ज्वेलरी शॉप लूटकांड के आरोपी पर कार्रवाई

पुलिस को और मजबूत बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार पुलिस को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी. उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय ने 150 करोड़ रुपये की मांग की है और जरूरत पड़ी तो सरकार 200 करोड़ रुपये तक खर्च करेगी.

उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

Share This Article