बिहार विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और उससे पहले एक बड़ा प्रशासनिक कदम सियासत को हिला देने वाला है। राज्य में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) चल रहा है, जिसके तहत 61.1 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं। इस प्रक्रिया का सीधा असर 243 विधानसभा क्षेत्रों पर पड़ेगा, क्योंकि औसतन हर सीट से 25,144 नाम हटा दिए जाएंगे।
चुनाव आयोग के आंकड़े चौंकाने वाले
भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) के मुताबिक, अब तक राज्य में 7.9 करोड़ वोटरों में से 7.21 करोड़ के फॉर्म डिजिटलाइज हो चुके हैं। केवल 7 लाख लोगों ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है। आयोग का दावा है कि 99% मतदाताओं तक संपर्क कर लिया गया है।
इस क्लीनिंग के पीछे जो आंकड़े सामने आए हैं, वे भी सोचने पर मजबूर कर देते हैं:
- 21.6 लाख मतदाता अब इस दुनिया में नहीं हैं
- 31.5 लाख स्थायी रूप से बिहार से बाहर चले गए हैं
- 7 लाख दो जगह वोटर के रूप में दर्ज हैं
- 1 लाख का कोई अता-पता नहीं मिला
बिहार की वोटर लिस्ट से गायब होंगे 61 लाख नाम! क्या आपका भी कट गया वोट? जानिए अब क्या करें
विधानसभा चुनावों पर पड़ेगा सीधा असर
विशेषज्ञों की मानें तो यह प्रक्रिया बिहार के आगामी चुनावों में बड़ा उलटफेर ला सकती है। 2020 के विधानसभा चुनाव में कई सीटों पर बेहद कम वोटों से हार-जीत हुई थी:
- 11 सीटें ऐसी थीं, जहां जीत का अंतर 1,000 से भी कम था
- 35 सीटों पर 3,000 से कम वोटों का फासला था
- 52 सीटों पर यह अंतर 5,000 से भी कम था
इसका मतलब यह है कि अगर वोटर लिस्ट से बड़े पैमाने पर नाम हटते हैं, तो राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।
विपक्ष ने उठाए सवाल, बताया जल्दबाज़ी
राजद और कांग्रेस सहित विपक्षी महागठबंधन ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह कार्य जल्दबाज़ी में किया गया चुनावी हथकंडा है।
महागठबंधन को 2020 में इन क्षेत्रों में बेहद कम अंतर से हार मिली थी:
- 27 सीटें 5,000 से कम वोटों से
- 18 सीटें 3,000 से कम वोटों से
- 6 सीटें सिर्फ 1,000 वोटों के भीतर
अब जब चुनाव करीब हैं, इस तरह की वोटर क्लीनिंग से चुनावी निष्पक्षता पर सवाल उठना लाज़मी है।
राजनीतिक दलों की टेंशन स्वाभाविक है क्योंकि वोटरों की यह छंटनी कई सीटों पर खेल पलट सकती है। क्या यह प्रशासनिक कार्रवाई है या चुनावी रणनीति? यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन बिहार की राजनीति में भूचाल तय है।


