दो दिन से गायब था VIP का “विलायती साथी”, मोहल्ले में मचा बवाल, फिर पहुंची पुलिस…!

सांसद राजेश वर्मा का साइबेरियन हस्की दो दिन से था लापता, मोहल्ले में हुई लड़ाई के बाद पुलिस ने ऐसे खोज निकाला

Fevicon Bbn24
Bihar Police Recovers Mp Dog
Bihar Police Recovers Mp Dog (Source: BBN24/Google/Social Media)
मुख्य बातें (Highlights)
  • दो दिन से गायब था सांसद का पालतू कुत्ता
  • मोहल्ले में विदेशी कुत्ते को लेकर हुआ जोरदार विवाद
  • पुलिस ने सांसद से कराया पहचान, फिर सौंपी पालतू की जिम्मेदारी

भागलपुर: बिहार में एक अनोखा मामला सामने आया है जहां खगड़िया से सांसद राजेश वर्मा का पालतू कुत्ता लापता हो गया था। दो दिन की तलाश और मोहल्ले में हुए जोरदार झगड़े के बाद बिहार पुलिस ने इस विदेशी नस्ल के कुत्ते को खोज निकाला है। यह मामला इशाकचक थाना क्षेत्र का है, जहां विवाद के बीच पुलिस ने इस “विलायती मेहमान” को बरामद कर लिया।

दो दिन से गायब था सांसद का पालतू कुत्ता

जानकारी के मुताबिक, लोजपा (रामविलास) के सांसद राजेश वर्मा का साइबेरियन हस्की नस्ल का कुत्ता उनके खरमनचक स्थित आवास से दो दिन पहले भाग गया था। परिजनों ने हर जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद सांसद ने इशाकचक थाना पुलिस को सूचित किया।

मोहल्ले में विदेशी कुत्ते को लेकर हुआ जोरदार विवाद

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि इशाकचक मोहल्ले में एक सुंदर विदेशी कुत्ते को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए हैं। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि एक साइबेरियन हस्की को पालने को लेकर विवाद हो रहा है। दोनों पक्ष इस बात को लेकर उलझे हुए थे कि कुत्ता किसका है। कोई स्पष्ट दावा नहीं कर पा रहा था, बस झगड़ा बढ़ता जा रहा था।

पुलिस ने सांसद से कराया पहचान, फिर सौंपी पालतू की जिम्मेदारी

मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझ-बूझ दिखाते हुए उस कुत्ते की तस्वीर सांसद राजेश वर्मा को भेजी। तस्वीर देखकर सांसद ने तुरंत पुष्टि की कि यही उनका कुत्ता है जो दो दिन पहले लापता हो गया था। इसके बाद पुलिस ने विवाद कर रहे दोनों पक्षों को समझाकर हटाया और कुत्ते को थाने ले आई। वहां से उसे सांसद के परिजनों को सौंप दिया गया।

इशाकचक थानाध्यक्ष चंद्रशेखर ने बताया – “कुत्ता विदेशी नस्ल का था और दिखने में बेहद आकर्षक। मोहल्ले के दो पक्ष उसे अपने पास रखना चाहते थे, इसी को लेकर झगड़ा हुआ। जांच में पता चला कि यह कुत्ता सांसद जी का है।”

कौन है ये खास नस्ल का कुत्ता, जानिए कीमत और खूबियां

पुलिस द्वारा बरामद किया गया यह कुत्ता साइबेरियन हस्की (Siberian Husky) नस्ल का बताया जा रहा है। यह मध्यम आकार का, मस्तिष्क तेज़ और सामाजिक व्यवहार वाला कुत्ता होता है। इसकी ऊंचाई लगभग 20 से 23.5 इंच तक होती है और कीमत 60,000 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक हो सकती है। आमतौर पर इसे ठंडे इलाकों में देखा जाता है, लेकिन अब शहरी पालतू प्रेमियों में इसकी डिमांड काफी बढ़ गई है।

Share This Article