Reels के चक्कर में जली ज़िंदगी: सहरसा में युवक रेल इंजन पर चढ़ा, 25,000 वोल्ट की चपेट में आया

सोशल मीडिया रील्स की दीवानगी ने ली जान की बाजी! सहरसा में वायरल वीडियो बनाने के चक्कर में युवक बुरी तरह झुलसा, हालत गंभीर

Fevicon Bbn24
Saharsa Boy Electrocuted While Making Reel On Train Engine
(Source: Google/Social Media Sites)

सहरसा: सोशल मीडिया की लोकप्रियता अब लोगों के लिए जानलेवा बनती जा रही है। सहरसा जिले के सुपर मार्केट रेलवे रैक प्वाइंट से एक ऐसा ही खौफनाक मामला सामने आया है जहां एक युवक, शॉर्ट वीडियो (Reel) बनाने के चक्कर में ज़िंदगी और मौत से जूझ रहा है। युवक मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया और 25,000 वोल्ट के ओवरहेड तार की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।

शंकर कुमार का सोशल मीडिया जुनून बना जानलेवा

मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान शंकर कुमार (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शंकर किसी फिल्मी सीन की तरह वीडियो बनाना चाहता था और इसीलिए वह मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया। इसी दौरान उसका सिर ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार से टकरा गया और ज़ोरदार धमाके के साथ वह आग की चपेट में आ गया।

स्थानीयों की मदद से अस्पताल पहुंचा युवक

धमाके की आवाज और धुएं के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी मनीष कुमार ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। बांस की मदद से शंकर को नीचे उतारा गया और ई-रिक्शा से सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

फायर ब्रिगेड और RPF की जांच जारी

फायर ब्रिगेड के अनुमंडल पदाधिकारी कन्हैया यादव ने बताया कि उन्हें पहले ट्रेन इंजन में आग लगने की सूचना मिली थी। लेकिन मौके पर पहुंचने पर यह स्पष्ट हुआ कि यह दुर्घटना एक सोशल मीडिया रील बनाने की कोशिश में हुई है। घटनास्थल पर RPF, GRP और फायर ब्रिगेड की टीम जांच में जुट गई है।

“लाइक्स” की होड़ में “लाइफ” का खतरा

यह घटना एक बार फिर उस कड़वे सच को सामने लाती है कि सोशल मीडिया पर फेमस होने के चक्कर में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। रेलवे ट्रैक या इंजन पर स्टंट करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जानलेवा भी है। बावजूद इसके, आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

रेलवे और प्रशासन द्वारा पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी है कि ऐसे स्टंट से दूर रहें, लेकिन जागरूकता की कमी और वर्चुअल फेम की भूख युवाओं को खतरे में धकेल रही है।

Share This Article