पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल उद्घाटन: पीएम मोदी ने किया लोकार्पण, होगा आधुनिक सुविधाओं से लैस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का किया शुभारंभ, पांच जून से शुरू होगी सेवाएं

Fevicon Bbn24
Patna Airport New Terminal Inauguration Pm Modi
(Image Source: Social Media Sites)

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार शाम 4 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचे और वहां के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्री भी उपस्थित थे। नए टर्मिनल का उद्घाटन होते ही यह पांच जून से पूरी तरह से संचालित हो जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

नया टर्मिनल सुविधाओं से भरपूर

पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल की सबसे खास बात इसमें 64 चेक-इन काउंटर होना है, जहां यात्री आराम से खड़े होकर अपना बोर्डिंग पास प्राप्त कर सकेंगे। इससे पहले की तुलना में यात्रियों को लंबी कतार में खड़ा रहने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, फिलहाल बोर्डिंग के लिए केवल एक एयरोब्रिज उपलब्ध है, जिससे थोड़ी असुविधा हो सकती है। लेकिन अगस्त के अंत तक चार नए एयरोब्रिज बनने से यह समस्या खत्म हो जाएगी।

चार लगेज बेल्ट से होगा सामान की तेजी से डिलीवरी

नए टर्मिनल में अब चार लगेज कन्वियर बेल्ट लगाई गई हैं, जिससे यात्रियों को अपना सामान तेजी से प्राप्त होगा। इससे पहले केवल एक बेल्ट होने की वजह से सामान लेने में अधिक समय लग जाता था और यात्रियों को इंतजार करना पड़ता था। एयरपोर्ट के अराइवल हॉल में लगेज बेल्ट के पास बैठने के लिए भी विशेष कुर्सियां लगाई गई हैं ताकि यात्री आराम से इंतजार कर सकें।

मल्टी लेवल पार्किंग और ट्रैवेलेटर की सुविधा

नया टर्मिनल मल्टी लेवल पार्किंग से जुड़ा हुआ है, जहां से यात्रियों को डिपार्चर सेक्शन तक 81 मीटर लंबे ट्रैवेलेटर के जरिए पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा, मल्टी लेवल पार्किंग और टर्मिनल के ऊपरी तल पर जाने के लिए चार लिफ्ट और एक्सलेटर भी लगाए गए हैं, जो यात्रियों की सुविधा को और बढ़ाएंगे।

टर्मिनल भवन की संरचना

नया टर्मिनल भवन दो मुख्य मंजिलों का है – भूतल पर अराइवल सेक्शन और ऊपर डिपार्चर सेक्शन। इसके अलावा, दोनों फ्लोर के बीच एक अन्य मध्य मंजिल है जो प्रशासनिक काम और एयरलाइन कार्यालयों के लिए है। साथ ही बेसमेंट में पूरे टर्मिनल का इलेक्ट्रिकल कंट्रोल यूनिट और लगेज बेल्ट का बैगेज लाइन स्थापित है। यहां सामानों के एक्स-रे स्कैनिंग की भी सुविधा है।

Share This Article