लखनऊ में घर बनी पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, दो की मौत; मलबे में दबे लोग?

राजधानी लखनऊ के गुडंबा इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, कई घायल, सीएम ने दिए सख्त निर्देश

Fevicon Bbn24
Lucknow Firecracker Factory Blast
Lucknow Firecracker Factory Blast (PC: BBN24/Social Media)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गुडंबा थाना क्षेत्र के एक घर में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में अचानक जबरदस्त विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान जमींदोज हो गया और आसपास की इमारतें भी हिल गईं।

दो की मौत, पांच लोग घायल

इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है।

मौके पर राहत व बचाव अभियान जारी

धमाके की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।

अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री

जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री आलम नामक व्यक्ति के घर में अवैध रूप से चलाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि धमाके में उसकी पत्नी की भी मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य और कुछ बच्चे घायल हुए हैं। तीन लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, लेकिन दो गंभीर रूप से घायल हैं।

सीएम ने दिए कड़े निर्देश

धमाके की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया और अधिकारियों को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का आदेश दिया। प्रशासन अब जांच करेगा कि आवासीय इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री आखिर कैसे संचालित हो रही थी।

Share This Article