IPL में सट्टा लगाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार, 4 करोड़ रुपये बरामद

Kanpur Ipl Betting Racket Busted 5 Arrested
Kanpur Ipl Betting Racket Busted 5 Arrested (PC: BBN24/Social Media)

IPL 2026 Satta: Kanpur में पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए हैं.

पुलिस के अनुसार, आरोपी Indian Premier League (IPL) मैचों पर ‘बेटहब24 डॉट कॉम’ नाम की अवैध वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए सट्टेबाजी चला रहे थे. ये लोग ‘मास्टर आईडी’ और ‘सब आईडी’ बनाकर ऑनलाइन नेटवर्क के माध्यम से सट्टे का कारोबार फैला रहे थे.

ऐसे हुआ खुलासा

पुलिस को शहर में लगातार सट्टेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. मंगलवार रात गोविंदपुरी पुल के पास एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर जांच की गई, जहां दो आरोपियों को मोबाइल फोन पर सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया.

इनकी निशानदेही पर पुलिस ने किदवई नगर स्थित एक किराए के मकान पर छापा मारा, जहां से तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

भारी मात्रा में कैश और मशीनें बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 3.91 करोड़ रुपये नकद, तीन नोट गिनने वाली मशीनें, एक नोट जांचने वाली मशीन और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक लखवानी, राजकुमार, कल्पेश, रवि नाई और विष्णु के रूप में हुई है.

सरगना अब भी फरार

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड मनीष उर्फ ‘प्रोफेसर’ है, जो फिलहाल फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

इस कार्रवाई को आईपीएल के दौरान चल रहे अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के अवैध धंधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी.

Share This Article
Exit mobile version