एशिया कप 2025: हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक से भारत ने चीन को 4-3 से हराया

राजगीर में हुआ हाई-वोल्टेज मुकाबला, भारत ने रोमांचक जीत के साथ एशिया कप का आगाज़ किया

Manish
India Vs China Hockey Asia Cup 2025 Rajgir
India Vs China Hockey Asia Cup 2025 Rajgir (PC: BBN24/Social Media)

राजगीर, बिहार: हीरो एशिया कप 2025 (Hero Asia Cup 2025) का आगाज़ भारत ने जीत के साथ किया। शुक्रवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की शानदार हैट्रिक की बदौलत भारत ने चीन को 4-3 से मात दी

दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में जश्न

राजगीर हॉकी स्टेडियम में हजारों स्कूली बच्चों और स्थानीय दर्शकों ने टीम इंडिया का जोश बढ़ाया। मैच के आखिरी क्वार्टर तक स्कोर 3-3 की बराबरी पर था, लेकिन हरमनप्रीत के करिश्मे ने बाज़ी पलट दी। भारत के लिए जुगराज सिंह ने भी एक गोल दागा। चीन की ओर से गाओ जिसोंग, चेन बेन्हाई और डू सिहो ने गोल किए, लेकिन जीत हाथ से निकल गई।

अन्य मैचों में चला एशियाई टीमों का जलवा

टूर्नामेंट के पहले दिन अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने बांग्लादेश को 4-1 से हराया, दक्षिण कोरिया ने चीनी ताइपे को 7-0 से मात दी, वहीं जापान ने कज़ाख़स्तान को 7-0 से रौंदा। इन नतीजों ने टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत सुनिश्चित की।

विश्वकप टिकट दांव पर

इस बार एशिया कप का महत्व और बढ़ गया है क्योंकि विजेता टीम को सीधे 2026 हॉकी वर्ल्ड कप (Belgium & Netherlands) का टिकट मिलेगा। कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। पाकिस्तान और ओमान के हटने के बाद बांग्लादेश और कज़ाख़स्तान को शामिल किया गया है।

बिहार में ऐतिहासिक पल

टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद रहे और इसे राज्य के लिए “ऐतिहासिक क्षण” बताया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन भारत की खेल यात्रा में मील का पत्थर है।

Share This Article