रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट में शनिवार की रात एक दर्दनाक वारदात हुई। रेस्टोरेंट के मालिक 50 वर्षीय विजय नाग को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घायल अवस्था में उन्हें रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह घटना रात करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है।
बिरयानी के ऑर्डर से शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब रेस्टोरेंट बंद होने वाला था, तभी एक युवक बाइक से वहां पहुंचा और बिरयानी की मांग की। संचालक विजय नाग ने बताया कि रेस्टोरेंट बंद हो रहा है और खाना खत्म हो गया है। इस बात पर युवक और विजय नाग के बीच कहासुनी हो गई। तभी युवक ने पिस्तौल निकालकर विजय नाग के सीने में गोली मार दी और फरार हो गया।
नॉनवेज बिरयानी मिलने से भड़का ग्राहक
कुछ अन्य प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, वारदात की असली वजह वेज की जगह नॉनवेज बिरयानी देना थी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक पहले होटल से वेज बिरयानी पैक करवाकर ले गया था, लेकिन जब उसने घर जाकर पैकेट खोला, तो उसमें नॉनवेज बिरयानी थी। इससे नाराज होकर वह सफेद कार से अपने 3-4 दोस्तों के साथ वापस लौटा।
जब वह होटल पहुंचा, तो होटल संचालक विजय नाग टेबल पर खाना खा रहे थे। युवक ने गुस्से में चिल्लाकर कहा – “किसने हमें नॉनवेज बिरयानी दी?” तभी कुक मौके से भाग गया और गुस्से में युवक ने विजय नाग को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी कार से पिठोरिया की दिशा में भाग गए।
रांची में बढ़ रहा अपराध, पुलिस सतर्क
घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना प्रभारी, ग्रामीण एसपी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे शहर में चेकिंग अभियान शुरू किया गया है, लेकिन हत्यारे अभी तक फरार हैं।
यह भी बताया जा रहा है कि इसी इलाके में चार दिन पहले सीमेंट-छड़ कारोबारी राधेश्याम साहू को भी बदमाशों ने दुकान में घुसकर पांच गोलियां मारी थीं। लगातार बढ़ती घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।

            
            
            
            
            
            
                
                