देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 मई को गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 मई को मौसम बदल सकता है। राजस्थान के कई हिस्सों में 31 मई से 3 जून तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है।
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 29 मई से 1 जून के बीच मौसम बदलने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण-गोवा और गुजरात के तटीय इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 29 से 31 मई तक राजधानी में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं 1 और 2 जून को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है।
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 से 31 मई के बीच कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है।

