उत्तरकाशी में फिर फटा बादल, नौगांव बाजार में तबाही! कई घर खतरे में

देवलसारी इलाके में बादल फटने से नौगांव बाजार मलबे में डूबा, एसडीआरएफ और प्रशासन अलर्ट

Uttarkashi Cloudburst Naugaon Disaster
Uttarkashi Cloudburst Naugaon Disaster (PC: BBN24/Social Media)

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में एक बार फिर प्राकृतिक आपदा का कहर टूटा है। शनिवार शाम देवलसारी इलाके में बादल फटने की घटना हुई, जिससे नौगांव बाजार में मलबा भर गया और बरसाती नाले के उफान पर आने से आसपास के घरों पर खतरा मंडरा रहा है।

प्रशासन अलर्ट, बचाव दल मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने जिलाधिकारी को तुरंत राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

सीएम धामी का बयान

सीएम धामी ने कहा, “प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और हर संभव मदद सुनिश्चित करने में कोई देरी न हो। ईश्वर से सभी की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं।”

भारी बारिश से खड्ड में उफान, वाहन बहे

नौगांव में लगातार भारी बारिश से सौली खड्ड, नौगांव खड्ड और देवलसारी खड्ड में पानी भर गया है। इस दौरान एक चारपहिया और कई दोपहिया वाहन बह गए। कई घरों में मलबा घुस गया और मुल्लाना के पास की सड़क भी बह गई।

राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, वाहन फंसे

नौगांव-बड़कोट राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है, जिससे कई वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों को खाली कराने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है।

Share This Article
Exit mobile version