गुजरात के कांडला से मुंबई आ रहा स्पाइसजेट का Q400 विमान शुक्रवार को हादसे का शिकार होते-होते बच गया। जैसे ही विमान ने उड़ान भरी, उसका एक बाहरी पहिया टूटकर रनवे पर गिर गया।
एटीसी ने देखा हादसा, मुंबई में इमरजेंसी घोषित
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने पहिया गिरते देखा और तुरंत पायलट को सूचना दी। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। शाम करीब 4 बजे विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।
पायलट की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
फ्लाइट में 75 यात्री सवार थे। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को मुंबई रनवे पर सुरक्षित उतारा। स्पाइसजेट प्रवक्ता ने बताया—
“12 सितंबर को कांडला से मुंबई जाते वक्त Q400 विमान का बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया। बावजूद इसके विमान सुरक्षित लैंड हुआ और यात्री सामान्य रूप से टर्मिनल तक पहुंच गए।”
एटीसी टीम को मिला टूटा पहिया और मेटल रिंग
जब एटीसी की टीम मौके पर पहुंची, तो पहिया और मेटल के छल्ले जमीन पर पड़े मिले। सामने आई तस्वीरों में विमान का पहिया घास में पड़ा दिख रहा है और मेटल रिंग को हाथ में पकड़े हुए अधिकारी नजर आ रहे हैं।
हाल में एअर इंडिया फ्लाइट में भी आई थी गड़बड़ी
इससे पहले, दिल्ली से सिंगापुर जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2380 में तकनीकी खराबी आई थी। करीब 200 यात्री कैबिन कूलिंग सिस्टम की दिक्कत के चलते घंटों फंसे रहे थे।


